तेज रफ्तार बोलेरो 40 फीट नीचे नदी में गिरी, बचाव दल ने रस्सी के सहारे पांचों लोगों को सुरक्षित निकाला


सिंगरौली में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बैढ़न-शासन मार्ग पर रेलवे की छोटी पुलिया के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट नीचे म्यार नदी में जा गिरी। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। बोलेरो नदी में गिरते ही चीख पुकार मच गई तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई जिसके बाद सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
सिंगरौली जिलें में बीती रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के बचाव दल ने नदी में गिरे लोगों की जान बचा ली, दरअसल बोलेरो नदी में गिरने से उसमें बैठे लोग गाड़ी फंस गए और डूबने की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही डायल-112 के पुलिसकर्मी और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे में संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने रस्सी के सहारे नदी में उतरकर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
झपकी आने से अनियंत्रित होने की आशंका
बताया गया कि बोलेरो में कुल पांच लोग सवार थे और वे बैढ़न आ रहे थे। रेलवे की छोटी पुलिया के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को झपकी आने और वाहन की रफ्तार अधिक होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
समय पर रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
करीब 40 फीट नीचे नदी में गिरे वाहन तक पहुंचना रात में चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद डायल-112 और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त प्रयास से रेस्क्यू पूरा किया और पांचों लोगों की जान बचा ली। कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वाहन में सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट











