धार में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, परिवार के 3 सदस्यों की मौत

धार: मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर बड़ी चौपाटी से कुछ दूरी पर पिटगारा तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद बाइक ट्राले से अलग हो गई और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही बदनावर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से चर्चा कर करीब दो घंटे बाद चक्काजाम खुलवाया।

हादसे में तीन लोगो की मौत, एक घायल

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार परिवार ग्राम धमाना खेरवास स्थित अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क क्रॉस करते समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे में गई इन लोगों की जान

हादसे में मृतकों की पहचान कर ली गई है। जानकारी अनुसार, ग्राम कठोड़िया निवासी राहुल (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और बेटी सुमन (13) की हादसे में मौत हुई है। वहीं, उनकी दूसरी बेटी शिवानी (15) गंभीर रूप से घायल है। घायल शिवानी का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

धार से मोहम्मद अंसार की रिपोर्ट

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close