इंदौर में होने वाले मुकाबले के लिए आज चार्टर्ड फ्लाइट से शहर पहुंचेंगी दोनों टीमें, होलकर स्टेडियम में शाम को करेंगी अभ्यास

इंदौर में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मैच की तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। दरअसल आज शनिवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी इंदौर पहुंचेंगे और शाम को होलकर स्टेडियम में अभ्यास कर सकते हैं। हालांकि दोनों टीमों के लिए अभ्यास सत्र अनिवार्य नहीं रखा गया है। खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट अपनी जरूरत के हिसाब से फैसला लेंगे। मैच से पहले स्टेडियम के बाहर टीम इंडिया की जर्सी, टी-शर्ट और कैप की दुकानें भी सज गई हैं।

वहीं दोनों टीमों के लिए होटल और आने-जाने के रास्ते तय किए गए हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री और आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मैदान के अंदर और बाहर अभ्यास के लिए अलग-अलग पिचें तैयार की गई हैं ताकि बल्लेबाज और गेंदबाज अपनी जरूरत के हिसाब से तैयारी कर सकें।

खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए खास इंतजाम

दरअसल भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी शनिवार दोपहर करीब 2:40 बजे चार्टर्ड फ्लाइट से इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से भारतीय टीम रेडिसन होटल और वेस्टइंडीज की टीम मैरिएट होटल जाएगी। इसके बाद शाम को खिलाड़ी अभ्यास के लिए होलकर स्टेडियम पहुंच सकते हैं। दोनों टीमों के लिए आधिकारिक अभ्यास सत्र अनिवार्य नहीं है इसलिए मैदान पर उतरने का फैसला टीम मैनेजमेंट करेगा। बल्लेबाजों की नेट प्रैक्टिस के लिए होलकर स्टेडियम के बाहर अमय खुरासिया एकेडमी में दो पिचें तैयार की गई हैं। इन्हें स्टेडियम की पिचों जैसी परिस्थितियां देने की कोशिश की गई है ताकि बल्लेबाजों को अभ्यास के दौरान मैच जैसा अनुभव मिल सके। इसके अलावा स्टेडियम के अंदर गेंदबाजों के अभ्यास के लिए भी दो अलग पिचें बनाई गई हैं। मैच के दौरान बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट लगाना और गेंदबाजों के लिए सही लाइन-लेंथ बनाए रखना अहम हो सकता है। अभ्यास की इन व्यवस्थाओं से खिलाड़ियों को अपनी रणनीति पर काम करने का मौका मिलेगा। हालांकि, अंतिम अभ्यास योजना टीमों के फैसले पर निर्भर करेगी।

एयरपोर्ट से होटल तक तय हुआ रूट

वहीं दोनों टीमों की आवाजाही के लिए एयरपोर्ट से होटल और होटल से होलकर स्टेडियम तक का रास्ता तय किया गया है। एयरपोर्ट से खिलाड़ियों को सुपर कॉरिडोर और MR-10 के रास्ते होटल ले जाने की योजना है। अभ्यास के लिए स्टेडियम जाते समय AB रोड का इस्तेमाल किया जाएगा। खिलाड़ियों के होटलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ दर्शकों के प्रवेश और आवाजाही को व्यवस्थित रखने की तैयारी है। CCTV कैमरों, टर्नस्टाइल और फेस रिकॉग्निशन जैसी तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी भी सामने आई है।

नितिन मेनन संभालेंगे थर्ड अंपायर की जिम्मेदारी

वहीं भारत की घोषित 15 सदस्यीय टीम में इंदौर का कोई खिलाड़ी शामिल नहीं है लेकिन मैच के संचालन में शहर का प्रतिनिधित्व रहेगा। इंदौर के अंतरराष्ट्रीय अंपायर नितिन मेनन को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज में जिम्मेदारी मिली है। होलकर स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में वह थर्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close