मैहर के मां शारदा मंदिर में महाभोग प्रसाद व्यवस्था शुरू, 150 रूपए में खरीद सकेंगे 250 ग्राम लड्डू

अन्य तीर्थ स्थलों के तर्ज पर अब देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक मैहर में भी भक्तों को मां शारदा का महाभोग प्रसाद मिलेगा। मां शारदा मंदिर प्रबंध समिति की ओर से श्रद्धालुओं को शुद्ध देसी घी से बने बेसन के लड्डू महाभोग के तौर पर दिए जाएंगे।

बता दें कि मंदिर में पहली बार ऐसा हो रहा है। जब अधिकृत काउंटरों के जरिए लड्डू का वितरण किया जाएगा। जिस तरह से अन्य मंदिरों में श्रद्धालु पैसे देकर प्रसाद का पैकेट लेते हैं। उस तरह से नवरात्रि में 10 दिनों के लिए यहां पर भी है व्यवस्था शुरू की जा रही है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इसे स्थाई रूप से लागू किया जाएगा।

यहां लगेंगे अधिकृत काउंटर

मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु अधिकृत काउंटर से लड्डू के सकते हैं। इसके लिए पूरे मेला परिक्षेत्र में काउंटर लगाए जाएंगे। यह सीढ़ी मार्ग, रोपवे से लेकर मेला क्षेत्र तक लगेंगे। इन काउंटरों पर श्रद्धालुओं को पीने के पानी की बोतल भी उचित कीमत पर मिलेगी। इस व्यवस्था को शुरू करने के पीछे प्रबंधन समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को मिलावट से बचाकर शुद्ध प्रसाद उपलब्ध कराना है।

कितनी रहेगी कीमत

मंदिर समिति के प्रशासक और मैहर एसडीएम दिव्या पटेल ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि देश के कई विख्यात मंदिरों में एक विशेष प्रसाद श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाया जाता है। इसी तर्ज पर मां शारदा मंदिर में भी महाभोग लड्डू प्रसाद की व्यवस्था शुरू की गई है। श्रद्धालु 150 रुपए में ढाई सौ ग्राम का डब्बा खरीद सकते हैं। ये लड्डू देसी घी और बेसन से तैयार किए जाएंगे।

स्थाई व्यवस्था हो सकती है लागू

एसडीएम ने यह भी बताया कि फिलहाल नवरात्रि के 10 दिनों के लिए इस व्यवस्था को लागू किया गया है। इस दौरान श्रद्धालुओं से मिले फीडबैक और व्यवस्था की सफलता की समीक्षा करेंगे। अगर प्रयोग सफल होता है तो यह व्यवस्था पूरे वर्ष नियमित रूप से जारी रखने पर विचार किया जाएगा। अगर पूरे वर्ष के लिए व्यवस्था शुरू की जाएगी तो एक टेंडर जारी किया जाएगा ताकि मां शारदा के दर्शन करने आने वाले भक्तों को हमेशा शुद्ध महाभोग प्रसाद मिल सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close