दमोह-जबलपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बस ने तीन स्कूली छात्राओं को रौंदा, दो की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम


दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार सुबह हुये दर्दनाक एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दमोह से जबलपुर की ओर जा रही नाजिश यात्री बस ने तीन स्कूली छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो छात्राओं की मौत और एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में घटना से आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद बस चालक और परिचालक फरार
जानकारी अनुसार, दमोह-जबलपुर स्टेट हाइवे पर अभाना में एक तेज रफ्तार यात्री बस ने स्कूल जा रही तीन छात्राओं को रौंद डाला। इस हादसे में दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर सैंकड़ों लोग एकत्रित हो गये एवं हंगामा शुरू कर दिया।
दमोह-जबलपुर हाइवे पर लोगों ने किया चक्काजाम
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। हादसे के बाद भड़के लोगों ने दमोह-जबलपुर हादवे पर चक्काजाम कर दिया। जिसके बाद कई घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। जब मौके पर पुलिस की टीम पहुंची तब पुलिस ने लोगों के बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन देते हुये जाम खुलवाया।
अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-विधायक
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री एवं दमोह के विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इधर, नोहटा पुलिस ने हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया है। घटना के बाद से फरार बस चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस मार्ग पर रोजाना तेज रफ्तार और लापरवाही से बसें दौड़ती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी यहां कई सड़क हादसे हो चुके हैं लेकिन वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिये अब तक कोई ठोस इंतजाम नहीं किये गये हैं।











