नवरात्रि में महिलाओं को घर तक पहुंचाने में मदद करेगी उज्जैन पुलिस, शुरू हुआ शक्ति स्क्वॉड, पंडालों में पुलिसकर्मियों के नाम और नंबर भी होंगे प्रदर्शित


उज्जैन पुलिस ने नवरात्रि के दौरान महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए थाना स्तर पर शक्ति मोबाइल, दोपहिया पुलिस टीम और पेट्रोलिंग वाहनों को तैयार किया है। दरअसल शनिवार शाम 6 बजे इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वहीं एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह व्यवस्था मुख्यमंत्री के निर्देश पर की गई है। पुलिस का ध्यान गरबा स्थलों, पंडालों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा बनाए रखने पर रहेगा ताकि त्योहार के दौरान महिलाओं और लड़कियों को किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत मदद मिल सके।
दरअसल शक्ति स्क्वॉड के तहत 15 चीता पार्टियों और 34 एफआरवी में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये टीमें रात 8 बजे से सुबह 2 बजे तक गरबा स्थलों और पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। नवरात्रि के दौरान देर रात तक चलने वाले आयोजनों को देखते हुए पुलिस की टीमें इलाके में निगरानी रखेंगी। किसी महिला या लड़की को परेशानी होने पर पुलिस वाहन से संपर्क किया जा सकेगा।
गरबा आयोजनों में सादे कपड़ों में भी मौजूद रहेंगे पुलिसकर्मी
गरबा आयोजनों में पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी मौजूद रहेंगे। इससे आयोजनों के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। पुलिस ने महिलाओं की मदद के लिए एक और व्यवस्था की है। अगर किसी महिला को घर लौटने में परेशानी होती है तो वह पुलिस वाहन से संपर्क कर सकती है। पुलिस वाहन उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाने में मदद करेगा। इसके अलावा, पंडालों में तैनात पुलिसकर्मियों के नाम और मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं सीधे उनसे संपर्क कर सकें।
सुबह 4 से 8 बजे तक पेट्रोलिंग
वहीं नवरात्रि में सुबह मंदिर जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी पुलिस ने अलग व्यवस्था की है। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चार पेट्रोलिंग वाहन तैनात रहेंगे। ये वाहन मंदिरों के आसपास निगरानी करेंगे और जरूरत पड़ने पर महिलाओं की मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस तरह पुलिस ने रात के गरबा आयोजनों के साथ सुबह मंदिर जाने के समय को भी अपनी सुरक्षा योजना में शामिल किया है। एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक पुलिस ने पिछले पांच साल में महिला अपराधों में शामिल रहे लोगों की सूची भी तैयार की है। ऐसे लोगों की जांच की जाएगी और संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर मौके पर कार्रवाई की जाएगी।











