मंदसौर में स्कॉर्पियो से मिला 1.29 करोड़ कैश, सरपंच सहित 3 गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

मंदसौर पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है। दरअसल एक बिना नंबर की स्कॉर्पियों गाड़ी से लगभग 1 करोड़ 29 लाख का कैश बरामद किया गया है। कैश और गाड़ी के साथ पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो उत्तर प्रदेश के हैं।

इतनी भारी मात्रा में गाड़ी से कैश ले जा रहे इन आरोपियों में सारा पैसा अलग-अलग बॉक्स बनाकर गाड़ी में छुपाया हुआ था। गिरफ्तारी करने के बाद अब पुलिस यह पूछताछ कर रही है कि आखिरकार ये रकम किसकी है। इसे कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था।

सूचना के आधार पर कार्रवाई

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शामगढ़ थाना पुलिस को यह टिप मिली थी कि बरखेड़ा उदा गांव के सरपंच भवानी शंकर मीणा के घर पर स्कॉर्पियो से दो लोग पहुंचे हैं। इस गाड़ी में अवैध कैश रखा हुआ है। इस पर शामगढ़, भानपुरा और सुवासरा थाना क्षेत्र की संयुक्त टीम ने सरपंच का घर घेर लिया। यहां से भवानी शंकर मीणा, सूर्य प्रकाश गंगवार और मोहम्मद इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है।

जांच में निकला करोड़ों रुपए कैश

पकड़े गए आरोपियों में से 47 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम और 59 वर्षीय सूर्य प्रकाश गंगवार उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि मध्य प्रदेश किस काम से आए हैं, तो वह ठीक से जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस उन्हें गाड़ी सहित शामगढ़ थाने लेकर आई। मैकेनिक को बुलाकर जब कार की बारीकी से जांच करवाई गई तो गाड़ी के अंदर अलग-अलग जगह पर बनाए गए गुप्त बॉक्स मिले। इन बॉक्स से 1 करोड़ 29 लाख रुपए कैश निकला है।

 

आयकर विभाग को दी गई सूचना

कैश बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने इस संबंध में आयकर विभाग को जानकारी दी है। ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि इतनी मात्रा में कैश नशे की तस्करी से जुड़ा हो सकता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close