डबरा कृषि उपज मंडी में टोकन नहीं मिलने पर भड़के किसान, भितरवार रोड पर लगाया जाम, मंडी प्रशासन पर लगाये गंभीर आरोप

डबरा कृषि उपज मंडी डबरा में धान की बंपर आवक के बीच गुरुवार सुबह प्रवेश पर्ची और टोकन नहीं बनने से किसान नाराज हो गए। सर्वर डाउन होने के कारण परेशान किसानों ने मंडी गेट के बाहर भितरवार रोड पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए और एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। किसानों के सड़क पर बैठने से भितरवार रोड पर जाम की स्थिति बन गई।

इन दिनों मंडी में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में धान लेकर पहुंच रहे हैं। गुरुवार सुबह सर्वर की समस्या के कारण प्रवेश पर्ची और टोकन बनने की प्रक्रिया रुक गई। काफी देर तक समस्या दूर नहीं होने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

एसडीएम को बुलाने की मांग 

सूचना मिलने पर मंडी प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसान अपनी समस्याएं एसडीएम के सामने रखने की मांग पर अड़े रहे। बाद में मंडी प्रशासन की समझाइश के बाद जाम खुल सका।

क्या कहा मंडी सचिव ने

मंडी सचिव संतोष सिंह ने बताया कि सुबह सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण कुछ देर तक प्रवेश पर्चियां नहीं बन पाई थीं। सर्वर चालू होने के बाद सभी किसानों की पर्चियां बनाई गईं। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए पांच काउंटर लगाए गए हैं। तकनीकी समस्या आने पर किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए दूसरे विकल्प तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।

मंडी में लगे कांटों की भी होगी जांच

वहीं, मंडी में लगे तौल कांटों की जांच के सवाल पर मंडी सचिव ने बताया कि इस संबंध में नापतौल विभाग को पत्र भेजा गया है।जल्द ही विभाग की ओर से कांटों की जांच कराई जाएगी। बहरहाल  धान की बंपर आवक के बीच सर्वर की समस्या ने मंडी की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मंडी प्रशासन किसानों को ऐसी परेशानी से बचाने के लिए क्या कदम उठाता है।

अरुण रजक की रिपोर्ट 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close