जबलपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल, दो पक्षों में मारपीट, 6 घायल

जबलपुर में माता की प्रतिमाओं का विसर्जन अभी भी चल रहा है। इसी कड़ी में बरेला क्षेत्र में शुक्रवार की रात किए जा रहे विसर्जन के दौरान विवाद की स्थिति देखने को मिली। यहां दो पक्ष आमने सामने आ गए और उनके बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

जानकारी के मुताबिक मारपीट की इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। 4 लोग ऐसे हैं, जिन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इस विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद

जानकारी के मुताबिक बरेला में स्थापित की गई 51 फीट की माता की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। तभी सामने से दूसरा गुट आ गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। जब यह विवाद शुरू हुआ उसके कुछ देर बाद जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर साहू यहां अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद विवाद ज्यादा बढ़ गया और दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए। प्रवेश पटेल ने जनपद उपाध्यक्ष और उनके साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिलाओं के साथ भी मारपीट करने की बात कही गई है। बरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

अस्पताल में घायल

इस घटना में जो भी घायल हुए हैं, उन सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा नेता प्रवेश पटेल ने बताया कि जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर साहू और उनके भाई पहलाद साहू अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और अचानक मारपीट करने लगे। दरअसल क्षेत्र में दोनों पक्षों की ओर से प्रतिमा स्थापित की गई थी और विसर्जन के दौरान ये आपस में भिड़ गए।

पुलिस का क्या कहना

जैसे ही मौके पर मारपीट होने की जानकारी सामने लगी। वैसे ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि माता प्रतिमा विसर्जन के दौरान काफी भीड़ थी। इस दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। 6 लोगों को चोट आई है जिनमें से दो गंभीर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close