दमोह: हिंडोरिया में देवी विसर्जन जुलूस के दौरान मस्जिद के सामने हवाई फायरिंग, वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस


दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां जिले के हिंडोरिया नगर में देवी विसर्जन के दौरान मस्जिद के पास हवाई फायरिंग की सूचना मिली है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुये प्रकरण दर्ज किया है एवं आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी अनुसार, यह पूरा मामला 20 अक्टूबर का बताया जा रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि देवी विसर्जन का जुलूस जैसे ही हिंडोरिया जामा मस्जिद के पास पहुंचता है तो वहां अखाड़े के लोग जोर-शोर से जय श्रीराम के नारे लगाते हैं और तलवारें लहराते हुये नजर आते हैं। इसी बीच, एक शख्स द्वारा बंदूक जैसी चीज से हवाई फायरिंग की जाती है जिसका धुंआ भी साफ दिखाई देता है।
देवी विसर्जन के दौरान मस्जिद के पास फायरिंग
बता दें कि हिंडोरिया में देवी विसर्जन के दौरान पूरे नगर में जुलूस निकाला जाता है, जो मुख्य रूप से पुलिस थाने से शुरू होता है। पुलिस थाने में सभी देवी प्रतिमाएं एकत्रित की जाती हैं और उन्हें क्रमांक दिया जाता है। इसके बाद क्रमांक के आधार पर करीब 8 से 9 घंटे तक पूरे नगर में देवी प्रतिमाओं के साथ अखाड़े निकाले जाते हैं। पुलिस थाने से शुरू होकर जुलूस बस स्टैंड होते हुए नगर की मस्जिद के पास पहुंचता है। बाजार की देवी प्रतिमा क्रमांक-1 का अखाड़ा मस्जिद के पास पहुंचते ही कुछ लोग तलवारें लहराते हुए जय श्रीराम के नारे लगाने लगते हैं। इसी दौरान एक युवक बीच में जाकर हवा में फायरिंग कर देता है।
जैसे ही युवक हवाई फायरिंग करता है तो नारों की गूंज तेज हो जाती है। वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो भी अगले ही दिन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगता है। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचा, पुलिस प्रशासन ने तत्काल घटना को संज्ञान में लेते हुये प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना पर हिंडोरिया थाना प्रभारी का बयान
इस घटना पर हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। वीडियो में नगर की मस्जिद के पास देवी विसर्जन के दौरान एक युवक बंदूक जैसी वस्तु से हवा में फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही, इस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
देवी विसर्जन के दौरान दो पक्षों में विवाद का भी मामला
बता दें कि फायरिंग की घटना के अलावा हिंडोरिया नगर में देवी विसर्जन के दौरान दो अखाड़ों के बीच विवाद का मामला भी सामने आया था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान लाठी-डंडे और पत्थर भी चले थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मारपीट में करीब 5 से 6 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी।
हिंडोरिया में पुलिस सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर सामने आ रही जानकारी के अनुसार, हिंडोरिया में देवी विसर्जन के दौरान अलग-अलग अखाड़ों के बीच विवाद की स्थिति पहले भी बनती रही है। इस बार फिर मारपीट की घटना और मस्जिद के पास हुई हवाई फायरिंग के सामने आने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जब आयोजन में हजारों लोग शामिल होते हैं और भारी पुलिस बल तैनात रहता है तो ऐसे में विवाद की स्थिति कैसे बनी और समय रहते इसे क्यों नहीं रोका जा सका? हालांकि हवाई फायरिंग मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश जारी है।











