भोपाल के VIP इलाके से चंदन का पेड़ चोरी, उमंग सिंघार ने पूछा “आम जनता की सुरक्षा की क्या गारंटी”

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अति सुरक्षित माने जाने वाले चार इमली इलाके में वरिष्ठ आईएएस के बंगले से चंदन का पेड़ चोरी होने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब पुलिस महानिदेशक के पड़ोस के बंगले में ही चोरी हो सकती है तो आम जनता की सुरक्षा की क्या गारंटी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि अगर राजधानी में ही अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं तो अन्य स्थानों की क्या स्थिति होगी।

क्या है मामला

यह घटना भोपाल के चार इमली इलाके में खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ IAS अधिकारी विवेक पोरवाल के सरकारी बंगले में हुई। उनका आवास मध्यप्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना के बंगले के पास स्थित है। चार इमली राजधानी के प्रमुख वीआईपी आवासीय क्षेत्रों में शामिल है, जहां वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अज्ञात लोग बंगले के परिसर में घुसे और वहां लगा चंदन का पेड़ काटकर उसका मुख्य तना अपने साथ ले गए। घटना का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू की गई। इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार से मांगा जवाब

उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर प्रदेश कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि राजधानी के हाई सिक्योरिटी जोन में अपराधियों के इस तरह वारदात को अंजाम देने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूछा है कि जब राजधानी में ही सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने भाजपा सरकार से जवाब मांगते हुए सवाल किया कि प्रदेश की पुलिस अपराधों पर कब काबू पाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close