इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम के सब इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, लॉग बुक का सत्यापन करने मांगी रिश्वत


लोकायुक्त पुलिस ने इंदौर नगर निगम में पदस्थ उप यंत्री को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है, सब इंजीनियर पानी के टैंकर का भुगतान बिल के लिए लॉग बुक का सत्यापन करने के बदले ठेकेदार से रिश्वत ले रहा था, लोकायुक्त टीम ने आरोपी सब इंजीनियर से रिश्वत में ली गई राशि बरामद कर ली है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख भ्रष्टाचार के विरुद्ध पैनी नजर बनाये हुए है, प्रदेश में पदस्थ लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक शिकायत पर तुरंत संज्ञान और एक्शन के रहे हैं, ताजा मामला इंदौर का है जहाँ लोकायुक्त टीम ने नगर निगम में पदस्थ सब इंजीनियर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
इंदौर में रहने वाले सोहेल पटेल ने एक शिकायती आवेदन देकर लोकायुक्त एसपी कार्यालय को बताया कि नगर निगम इंदौर ज़ोन क्रमांक 13 में पदस्थ सब इंजीनियर हर्ष गहलोत उनसे 6000/- रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने नगर निगम में पानी का टैंकर अटैच कराया था, जिसका तीन माह का बिल बकाया था जिसका भुगतान बिल बनाने के लिए सब इंजीनियर परेशान कर रहा है।
बिल जारी करने के लिए लॉग बुक सत्यापन के लिए मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने आवेदन में बताया कि उसका तीन महीने का बिल 1,12,500/- रुपए का भुगतान होना शेष है, बिल राशि पास करने के लिए लॉग बुक का सत्यापन होना है, जिसे सत्यापित करने के बदले सब इंजीनियर हर्ष गहलोत द्वारा 6000/- रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने इसका सत्यापन किया।
रिश्वत लेते ही धरे गए सब इंजीनियर
एसपी राजेश सही के निर्देश पर शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही निकली जिसके बाद ट्रैप दल गठित किया गया, सब इंजीनियर हर्ष गहलोत ने शिकायतकर्ता सोहेल पटेल को हनुमान मंदिर के सामने चाणक्यपुरी चौराहे पर बुलाया और उसने जैसे ही 5000/- रुपये रिश्वत में लिए लोकायुक्त पुलिस ने उसे दबोच लिया और राशि बरामद कर ली।
शकील अंसारी की रिपोर्ट











