छतरपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-बोलेरो की टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, चालक घायल

छतरपुर: मध्यप्रदेश के छतरपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर चौका गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे सभी लोग

जानकारी अनुसार, बिजावर के खटक्याना मोहल्ले के रहने वाले रैकवार परिवार की 5 लोग शाम को घर से ग्राम बगौता के लिए एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिये निकले थे। लेकिन किसी को क्या पता था कि रास्ते में यह हादसा हो जायेगा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो की छत बुरी तहर क्षतिग्रस्त हो गई और पूरी कार करीब मलबे में तब्दील हो गई।

बता दें कि हादसे के बाद सड़क पर चारों तरफ खून और शव बिखरे थे। जिसके बाद घटनास्थल पर चीख पुकर मच गई। तत्काल ही पुलिस और प्रशासन की सूचना दी गई। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और राहगीरों-स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए शवों और गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला।

5 लोगों की मौत और चालक गंभीर रूप से घायल

जानकारी अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में बिजावर के खटक्याना मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय दौलत पुत्र दुर्गी रैकवार, 38 वर्षीय बीना पत्नी दौलत ​रैकवार, 60 वर्षीय श्यामबाई पत्नी दुर्गी रैकवार, 25 वर्षीय संजय पुत्र प्रमोद रैकवार और 50 वर्षीय कौशल्या पत्नी लक्ष्मन रैकवार की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बोलेरो चालक छोटू रैकवार निवासी ग्राम रगौली अति गंभीर रूप से घायल है जिसे छतरपुर से तत्काल मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद जब जिला अस्पताल में सभी मृतकों के शव पहुंचे और पीछे से अन्य रिश्तेदार, तो पूरा अस्पताल चीखों से गूंज उठा। एक साथ परिवार के 5 सदस्यों के शव देखकर हर व्य​क्ति की आंख में आंसू था। फिलहाल सभी मृतकों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहां घटना स्थल पर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू की गई है।

छतरपुर से सौरभ शुक्ला की रिपोर्ट

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close