नागदा में चंबल पुल की रेलिंग तोड़ हवा में लटका खाद से भरा ट्रक, आगे के पहिए टूटे, बाल-बाल बचे राहगीर


उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर नागदा के पास चंबल नदी के बड़े पुल पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा होते-होते बच गया। फर्टिलाइजर (खाद) से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू होकर सीधे पुल की पक्की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के आगे के दोनों पहिए टूटकर अलग हो गए और गाड़ी का अगला हिस्सा रेलिंग को तोड़ता हुआ हवा में लटक गया।
कमानी टूटने से बेकाबू हुआ वाहन
हादसा होते ही पुल से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि चलती गाड़ी की कमानी अचानक टूटने की वजह से चालक का संतुलन बिगड़ गया। घटना के तुरंत बाद चालक भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। चालक के गायब होने के कारण फिलहाल यह साफ नहीं हो सका कि खाद से भरा यह ट्रक कहां से आ रहा था।
सिंगल रोड होने से लगा किलोमीटर लंबा जाम
ट्रक के आगे के पहिए पूरी तरह उखड़ जाने की वजह से उसे तुरंत खींचकर रास्ते से हटाना मुमकिन नहीं हो पाया। चंबल नदी का यह पुल सिंगल रोड होने के कारण देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों के पहिये थम गए। कुछ ही देर में हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे देर रात सफर कर रहे यात्री और वाहन चालक रास्ते में फंसे रहे।
पुलिस ने मशक्कत के बाद शुरू कराया यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद एक तरफ का रास्ता साफ कराया और फंसे हुए वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर व ट्रक मालिक की तलाश शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस खौफनाक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।











