इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, गंदगी में बन रहा था केक, आयुष बेकरी का पंजीयन निलंबन के लिए भेजा


इंदौर में त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। छोटा बांगड़दा स्थित आयुष बेकरी में निरीक्षण के दौरान केक बनाने वाली जगह पर काफी गंदगी मिली। प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां और मक्खियां मिलीं, जबकि फ्रिज और फ्रीजर की सफाई भी खराब पाई गई। जांच में एक्सपायर्ड चेरी के इस्तेमाल की बात भी सामने आई। मामले में बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित करने के लिए प्रकरण भेजा गया है।
दरअसल खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने 7 अक्टूबर को शहर के अलग-अलग खाद्य निर्माण और बिक्री प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। त्योहारी सीजन को देखते हुए टीम खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। इसी दौरान छोटा बांगड़दा की आयुष बेकरी, सांवरिया नगर की दीपनीषा गृह उद्योग और सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट की जांच की गई। तीनों जगह अलग-अलग कमियां मिलीं, जिसके बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आयुष बेकरी में गंदगी के बीच तैयार हो रहा था केक
वहीं छोटा बांगड़दा स्थित आयुष बेकरी में जांच के दौरान खाद्य पदार्थ बनाने वाले परिसर में काफी गंदगी मिली। बेकरी के बाहर कचरा डंप था और उसके पास ही केक का बेस तैयार किया जा रहा था। केक बनाने वाली प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां और मक्खियां चलती मिलीं। फ्रिज और फ्रीजर की सफाई व्यवस्था भी खराब पाई गई। जांच टीम को एक्सपायर्ड चेरी का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी मिली। इसके अलावा खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं थे। विभाग के मुताबिक बेकरी में तैयार होने वाले केक को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समैन के जरिए बेचा जाता है। निरीक्षण में मिली इन कमियों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित करने के लिए प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी को भेजा है। विभाग के मुताबिक यह कार्रवाई बेकरी में मिली स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियों को देखते हुए की जा रही है।
किशन चिप्स में भी मिली कमियां
दरअसल सांवरिया नगर स्थित दीपनीषा गृह उद्योग की जांच में खाद्य निर्माण से जुड़े कर्मचारियों को साफ कपड़े पहनने के साथ हेड कैप और एप्रन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। यहां प्रसंस्करण के लिए आरओ पानी का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। वाशिंग एरिया के लिए अलग व्यवस्था भी नहीं मिली। पैकेजिंग से जुड़े लेबल भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। प्रभारी विक्रेता दीपक गुप्ता की मौजूदगी में राजगिरा लड्डू का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इसी तरह सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर एफ स्थित किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट की जांच में खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े रिकॉर्ड नहीं मिले। खाद्य सामग्री और अन्य मटेरियल के रखरखाव की स्थिति भी ठीक नहीं पाई गई। इस पर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। किशन कुमावत की मौजूदगी में चिप्स का खाद्य नमूना लिया गया है। इसे भी जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग के अनुसार दोनों नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
शकील अंसारी, इंदौर











