चम्पावत-बनबसा में CM धामी की बड़ी घोषणाएं, 96 करोड़ रुपये की 16 योजनाएं; हर ग्रामसभा को मिलेंगे 10 लाख


उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चम्पावत दौरे में रविवार को जिले के विकास से जुड़े कई बड़े फैसले और घोषणाएं सामने आईं। मुख्यमंत्री ने करीब 96 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं चम्पावत विकासखंड की प्रत्येक ग्रामसभा को स्थानीय विकास के लिए 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया। चम्पावत में सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री बनबसा पहुंचे, जहां खेल सुविधाओं से जुड़े नए कामों की शुरुआत की गई।
जिले को मिली 16 योजनाओं की कुल लागत 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये है। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास हुआ। मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया।
हर ग्रामसभा को 10 लाख रुपये, न्याय पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांवों के लिए भी अहम घोषणा की। चम्पावत विकासखंड की प्रत्येक ग्रामसभा को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस राशि से ग्रामसभाएं अपनी जरूरत के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े काम करा सकेंगी। इसके अलावा जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की गई।
जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी बनाने का भी ऐलान किया। इसके बाद बनबसा में मुख्यमंत्री के दौरे का फोकस खेल और युवाओं से जुड़ी सुविधाओं पर रहा।
बनबसा में बैडमिंटन हॉल से लेकर दर्शकदीर्घा तक
बनबसा मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास किया। चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में 28 लाख रुपये से दर्शकदीर्घा, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी। इसके अलावा CSR के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार भी दिए।
खेल सुविधाओं के विस्तार के बीच मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनना है। वहीं टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ISBT का निर्माण किया जा रहा है। मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्य भी चल रहे हैं।
अगले 25 से 50 साल की जरूरतों पर फोकस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए केवल आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम नहीं किया जा रहा है। अगले 25 से 50 वर्षों की जरूरतों और चुनौतियों को देखते हुए योजनाएं तैयार की जा रही हैं। जिले में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और दूसरी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाएं बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।
बनबसा में मुख्यमंत्री ने NHPC के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से CSR के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और चम्पावत को दिए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।











