सिंगापुर के ITB Asia में मध्य प्रदेश की दस्तक, VR से दिखाई विरासत-वन्यजीव की झलक; मुरैना की गजक और रतलामी सेव भी बनी पहचान

भोपाल/सिंगापुर। मध्य प्रदेश अब दक्षिण-पूर्व एशिया के पर्यटन बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। सिंगापुर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले ‘ITB Asia 2026’ में मध्य प्रदेश ने अपनी विरासत और वन्यजीव से लेकर आध्यात्म और वेलनेस टूरिज्म तक को दुनिया के सामने रखा है। खास बात यह है कि यहां आने वाले विदेशी मेहमान VR तकनीक से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देख रहे हैं, वहीं मुरैना की गजक और रतलामी सेव के जरिए मध्य प्रदेश के स्थानीय स्वाद से भी उनका परिचय कराया जा रहा है।

मरीना बे सैंड्स के सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान पर्यटन सचिव और मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. भी मौजूद रहे। पवेलियन में प्रदेश की विरासत, संस्कृति, वन्यजीव, आध्यात्म, वेलनेस और सस्टेनेबल टूरिज्म को एक साथ पेश किया गया है।

ट्रैवल एजेंट्स और निवेशकों के साथ B2B बैठकें

लेकिन मध्य प्रदेश की इस भागीदारी का मकसद केवल अपने पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना नहीं है। 23 अक्टूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और निवेशकों के साथ B2B बैठकें कर रही है। कोशिश है कि मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल पैकेज और यात्रा कार्यक्रमों में ज्यादा जगह मिले, जिससे विदेशी पर्यटकों तक प्रदेश की सीधी पहुंच बढ़ाई जा सके।

निवेश के नए अवसर तलाशने की तैयारी

इन बैठकों के जरिए दक्षिण-पूर्व एशिया से आने वाले पर्यटकों की पसंद और वहां के पर्यटन बाजार में बदलते रुझानों को समझने पर भी जोर है। इसी आधार पर मध्य प्रदेश के लिए आगे की अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग रणनीति तैयार करने और पर्यटन क्षेत्र में निवेश के नए अवसर तलाशने की तैयारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close