नीमच पुलिस का ‘ऑपरेशन हेलो’, 15 लाख से अधिक कीमत के 105 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को वापस लौटाए गए


नीमच जिले में गुम हुए मोबाइलों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत नीमच पुलिस और सायबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में सायबर सेल व थानों की सायबर हेल्प डेस्क ने 15 लाख रुपये से अधिक कीमत के 105 गुम मोबाइल रिकवर कर उनके मालिकों को लौटा दिए हैं।
सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने खुद बरामद किए मोबाइल फोन को मालिकों को सौंपे। खोए हुए फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पांच राज्यों से ट्रैक कर खोजे गए फोन
बरामद किए गए मोबाइलों में विभिन्न नामी कंपनियों के हैं। जिनकी कीमत 8,000 रुपये से लेकर 65,000 रुपये तक बताई जा रही है। सायबर सेल नीमच ने तकनीकी जांच के आधार पर इन मोबाइलों को न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक से ट्रैक कर सफलतापूर्वक रिकवर किया।
CEIR पोर्टल बना मददगार
नागरिकों द्वारा फोन गुमने पर केंद्रीय संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित CEIR पोर्टल तथा थानों में स्थापित सायबर हेल्प डेस्क पर आवेदन दर्ज कराए गए थे। शिकायतों पर जल्द से जल्द संज्ञान लेते हुए सायबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे और थानों की हेल्प डेस्क टीमों ने निरंतर सर्चिंग अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की।
सावधानी बरतने की अपील
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे बाजार, भीड़भाड़ वाले और व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर अपने मोबाइल का विशेष ध्यान रखें। फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर सूचना दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने की सायबर हेल्प डेस्क या जिला सायबर सेल में संपर्क करें।
नीमच से कमलेश सरडा की रिपोर्ट











