टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में कोटा से तीन आरोपी गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग कनेक्शन की जांच

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस और राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उस समय पकड़ा, जब वे ट्रेन से मुंबई से दिल्ली की ओर जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में दो हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा बिहार का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हमले की साजिश, मकसद और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाली पोस्ट सामने आने के बाद गिरफ्तार आरोपियों के गैंग से संबंधों की भी जांच की जाएगी।

तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूल सिंह, ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और रेहान के रूप में बताई गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फूल सिंह की उम्र 17 साल, ऋतिक कुमार की 22 साल और रेहान की 18 साल बताई जा रही है। फूल सिंह और रेहान हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि ऋतिक कुमार मुंबई के अंधेरी पश्चिम में रहकर रैपिडो चलाता था। आरोपियों के लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की आशंका भी जताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हुए और अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास बाइक छोड़कर ट्रेन से आगे निकल गए। सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की आवाजाही से जुड़े सुरागों के आधार पर उनकी तलाश की गई। इसके बाद मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर कोटा में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों और वारदात में उनकी अलग-अलग भूमिकाओं का पता लगा रही हैं।

क्या है मामला

18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा नरसी पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई। अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद अपनी कार से निकल रहे थेतभी मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं। टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। वहां मौजूद उमेश चौहान नाम का एक व्यक्ति भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच एजेंसियों को संदेह है कि हमलावरों ने वारदात से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। बताया जा रहा है कि उन्हें अभिनेता के रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड आने की जानकारी थी। इसी आधार पर हमले का समय तय किया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने कितने समय तक रेकी की, उन्हें अभिनेता के कार्यक्रम की जानकारी किसने दी और क्या किसी ने उन्हें इस हमले के लिए निर्देश दिए थे।

फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी। पुलिस ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटनास्थल से सबूत जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई। अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हमले के पीछे की वजह और साजिश का पता लगाने में जुटी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close