धार में कावड़ यात्रा के दौरान हादसा : 25 फीट नीचे गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 श्रद्धालु गंभीर घायल

धार, 24 अगस्त 2026
धार जिले के निसरपुर ब्लॉक में सोमवार सुबह कावड़ यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कुक्षी-बड़वानी पुराने मार्ग पर कड़माल नाले के पुल से गुजरते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रिटर्निंग वॉल तोड़ते हुए करीब 20 से 25 फीट नीचे नाले में जा गिरा, जबकि ट्रॉली पुल की दीवार पर ही अटक गई।
हादसे के समय ट्रॉली में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में 5 से 7 यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को भी चोटें आई हैं। कुछ यात्री ट्रैक्टर पर जा गिरे, जबकि कुछ जमीन पर गिरने से घायल हुए।
नर्मदा जल लेने जा रहा था कावड़ यात्रियों का पहला जत्था
निसरपुर ब्लॉक के पुनर्वास स्थल कड़माल से हर साल कावड़ यात्रा निकाली जाती है। इसके लिए समीपस्थ ग्राम चिखल्दा से नर्मदा जल लाया जाता है। सोमवार सुबह इसी परंपरा के तहत कावड़ यात्रियों का पहला जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली से चिखल्दा के लिए रवाना हुआ था।
कड़माल नाले का पुल पार करते समय अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और यह हादसा हो गया।
एंबुलेंस का इंतजार करते रहे घायल, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने अपने निजी 8 से 10 चारपहिया वाहनों और मोटरसाइकिलों की मदद से घायलों को बड़वानी जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
चार घायलों को पहले निसरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़वानी जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दुर्घटना के बाद पुल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











