नाइट पेट्रोलिंग में लकड़ी से भरा माजदा पकड़ा, आम-जामुन और महुआ के लट्ठे बरामद

कांकेर जिले में लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की है। नाइट पेट्रोलिंग के दौरान कांकेर बाईपास रोड से लकड़ी से भरा एक माजदा वाहन जब्त किया गया है। वाहन में आम, जामुन और महुआ समेत कई फलदार पेड़ों के बड़े-बड़े लट्ठे लदे मिले।

वन विभाग के मुताबिक, बरामद लकड़ी की कीमत लाखों रुपए में होने का अनुमान है। फिलहाल लकड़ी की नापजोख और कीमत का आकलन किया जा रहा है।

वन विभाग की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुबह कांकेर बाईपास रोड पर एक संदिग्ध माजदा वाहन को रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर वाहन में बड़ी मात्रा में लकड़ी मिली।

एसडीओ जेएस मरावी के मुताबिक, वाहन में आम समेत अन्य फलदार पेड़ों की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था। टीम ने वाहन को जब्त कर लिया है और लकड़ी की नापजोख शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लकड़ी कोंडागांव क्षेत्र से लाई जा रही थी। हालांकि, लकड़ी कहां से काटी गई और उसके परिवहन के लिए जरूरी दस्तावेज थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, जब्त माजदा वाहन बिलासपुर का बताया जा रहा है। अब टीम लकड़ी के स्रोत, कटाई और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है।

एसडीओ ने बताया कि नापजोख पूरी होने के बाद ही जब्त लकड़ी की वास्तविक मात्रा और कीमत स्पष्ट हो सकेगी। विभाग का कहना है कि अवैध कटाई और लकड़ी के परिवहन को रोकने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close