पुरानी रंजिश में युवक से मारपीट कर बाइक लूटी, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट कर उसकी बाइक लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को घेरकर गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज मिश्रा, यश मिश्रा उर्फ रोहन मिश्रा और अभिषेक पटेल उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
मंदिर जाने के दौरान घेरा
पुलिस के मुताबिक, बलराम साहू (38) ने 23 अगस्त को डीडीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 19 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे वह मोटरसाइकिल से रायपुरा स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर, महादेव घाट जाने के लिए निकला था। मंदिर के गेट के पास बाइक खड़ी करने के बाद जब वह वापस आया, तो आरोपियों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर बलराम से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसकी नाक और दाहिने पैर में चोट आई।
बाइक लेकर फरार हुए आरोपी
मारपीट के बाद आरोपी बलराम की बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद डीडीनगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राज मिश्रा (22), यश मिश्रा उर्फ रोहन मिश्रा (22) और अभिषेक पटेल उर्फ सोनू (20) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई है।
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही पूरे घटनाक्रम को लेकर आगे की जांच जारी है।










