रहंगी में किसानों को 10 हजार करोड़ की सौगात, 25 लाख खातों में जाएगी धान प्रोत्साहन राशि

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 28 फरवरी को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित ग्राम रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को धान खरीदी की प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। इस दौरान प्रदेश के लगभग 25 लाख किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी। यह जानकारी बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने दी है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

रहंगी के खेल मैदान में विशाल डोम तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन राशि वितरण की शुरुआत करने के साथ ही विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सांस्कृतिक मंच, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानों का चिन्हांकन किया गया। खेल मैदान के समीप हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग और यातायात व्यवस्था की विशेष योजना तैयार की जा रही है।

एसएसपी ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

close