यूपी में 10वीं के छात्र की मौत, मैथ के सवाल कर रहा था सॉल्व; अचानक गई जान

बहराइच: यूपी के कासगंज स्थित कटरा राम सिंह पुरा निवासी 16 वर्षीय छात्र कपिल पुत्र सुभाष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. कपिल हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देने गया था, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया.

गणित का पेपर दे रहा था कपिल

कपिल आज सुबह 8:30 बजे की पाली में गणित विषय की परीक्षा देने बलदेव बिहारी इंटर कॉलेज नगला खंजी गया था. परीक्षा के दौरान करीब 10 बजे विद्यालय से उसके पिता सुभाष के पास फोन आया कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है और वे तुरंत स्कूल पहुंचें.

अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम

परिजनों के अनुसार, स्कूल में जिला अस्पताल से पहुंची डॉक्टरों की टीम ने छात्र का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई. आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई.

परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. क्षेत्र में भी इस घटना से शोक की लहर है. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. परिजन शव को घर ले आए हैं.

close