कोरबा में निर्माणाधीन फ्लैट की बाउंड्रीवॉल गिरी, मलबे में दबने से 2 वर्षीय मासूम की मौत; दो युवक गंभीर रूप से घायल

कोरबा: कोतवाली थाना अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब काली मंदिर के निकट एक पक्की बड़ी बाउंड्रीवॉल का एक हिस्सा ढह जाने के कारण इसमें दबकर एक मासूम की दबने से दर्दनाक मौत हो गई. वही दो लोग घायल हो गए हैं. दोनो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह घटना शुक्रवार की शाम लगभग 6 बजे के आसपास की बताई जा रही है. यहां लक्ष्मण बन तालाब के निकट एक फ्लैट का निर्माण कराया जा रहा है. इस फ्लैट के पिछले हिस्से में खाली जमीन पर बाउंड्रीवॉल निर्मित है. काफी लंबी-चौड़ी बाउंड्रीवॉल पर कटीले तार का घेरा भी लगाया गया है. बाउंड्रीवॉल के दूसरी तरफ अंदर की ओर जेसीबी लगवा कर मलबा और रेत को किनारे लगवाने का काम कराया जा रहा था कि जेसीबी का धक्का लगने से बाउंड्रीवॉल का एक हिस्सा गिर पड़ा.
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस रास्ते से गुजर रहे और पास में ही खेल रहा एक मासूम चपेट में आ गए. मलबा में दब जाने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय बालक धनेश कर्ष, संजू कर्ष 20 वर्ष, विशाल यादव 18 वर्ष घायल हुए हैं. जिनमे मासूम की घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं एक युवक की मोटरसाइकिल और किनारे खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए. सूचना पश्चात मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल सहित स्टाफ ने पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को अवगत कराया. घायलों का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है.
इस हादसे के घायल 20 वर्षीय विशाल यादव ने बताया कि 4 से 5 लोग मौके पर बैठे और खड़े हुए थे, जहां अचानक से दीवार गिर गया और सभी दब गए. इस दौरान मौके पर मौजूद और लोगों के भीड़ एकत्रित हो गई और किसी तरह सभी को बाहर निकाला गया. बताया जा रहा कि मृतक मासूम धनेश कर्ष के पिता मुकेश कर्ष का परिवार निवास करता है, जो पैसे से चालक है. मृतक मासूम दो भाइयों में छोटा था.
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि इस घटना में एक बच्चे की मौत हुई है. वही दो घायल है, आगे की जांच कार्यवाही की जा रही है.











