महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642 करोड़ रुपए

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बिलासपुर के हेमूनगर में आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की। इस दौरान प्रदेश की 68 लाख 54 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख रुपए से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
ऐसे करें खाते में राशि आने की जांच
योजना की राशि खाते में पहुंचने पर लाभार्थी महिलाओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS भेजा जाता है। यदि किसी कारणवश संदेश प्राप्त नहीं हुआ है, तो लाभार्थी ऑनलाइन भी भुगतान की स्थिति जांच सकती हैं।
भुगतान स्थिति चेक करने की प्रक्रिया:
- महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
- ‘आवेदन एवं भुगतान स्थिति’ विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- स्क्रीन पर भुगतान संबंधी पूरी जानकारी दिखाई दे जाएगी।
- लाभार्थी मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भुगतान की स्थिति देख सकती हैं।
ई-केवाईसी कराने की अपील
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों का ई-केवाईसी अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। यह प्रक्रिया ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के माध्यम से 3 अप्रैल से शुरू हुई है, जो 30 जून तक जारी रहेगी।
बिना बाधा मिलती रहेगी योजना की राशि
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ऐसी सभी हितग्राही महिलाओं से जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है, जिनका सत्यापन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि समय पर ई-केवाईसी कराने से योजना की सहायता राशि बिना किसी रुकावट के सीधे बैंक खातों में पहुंचती रहेगी।











