पंजाब के 30 सरकारी स्कूल प्रिंसिपल सिंगापुर रवाना, आधुनिक शिक्षा पद्धतियों की लेंगे ट्रेनिंग

पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया है। राज्य के 30 सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों का आठवां बैच प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर रवाना हुआ है। इन प्रिंसिपलों को वहां की प्रिंसिपल अकादमी में 8 से 14 मार्च तक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहां वे वैश्विक शिक्षा पद्धतियों और आधुनिक शैक्षणिक तरीकों से परिचित होंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रिंसिपलों के इस बैच को रवाना करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों को विश्वस्तरीय शिक्षा प्रणाली से जोड़ना है, ताकि राज्य के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रिंसिपल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही शिक्षा पद्धतियों को समझेंगे और लौटने के बाद इन अनुभवों को अपने स्कूलों में लागू करेंगे।

उन्होंने बताया कि अब तक 234 प्रिंसिपल और शिक्षा अधिकारियों के आठ बैचों को सिंगापुर में प्रशिक्षण के लिए भेजा जा चुका है। इस कार्यक्रम के लिए पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई गई है और जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा चयनित प्रिंसिपलों का सत्यापन भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे शिक्षकों को नई सोच और बेहतर शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का अवसर मिलता है, जिसका लाभ सीधे विद्यार्थियों को मिलता है।

विद्यार्थियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार के नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा छात्रों को सशस्त्र सेनाओं, नीट, जेईई, क्लैट और निफ्ट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि स्कूल ऑफ एमिनेंस और अन्य सरकारी स्कूलों के लगभग 300 छात्रों ने जेईई मेन्स, जेईई एडवांस्ड और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए योग्यता हासिल की है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर बच्चे को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिले और वह भविष्य में बेहतर अवसर हासिल कर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में किसी व्यक्ति की समृद्धि उसकी संपत्ति से नहीं बल्कि उसके बच्चों को मिली शिक्षा से आंकी जाएगी। इसी सोच के साथ पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

close