छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण पुरस्कार में 41 हस्तियों को मिला सम्मान

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने 41 प्रतिभाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य मंत्री भी मौजूद रहे।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस बार शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, खेल, कृषि, सहकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
बॉलीवुड फिल्म निर्देशक अनुराग बसु को हिंदी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के लिए ‘किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान’ से नवाजा गया। वहीं, ‘चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार’ संदीप तिवारी, सोमेश पटेल और अभिषेक शुक्ला को मिला। ‘मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार’ भावना पांडेय को और ‘दानवीर भामाशाह सम्मान’ नीरज कुमार बाजपेयी को प्रदान किया गया।
अहिंसा और गौ-रक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए जांजगीर-चांपा की संस्था ‘भारतीय कुष्ठ निवारक संघ’ को ‘यति यतनलाल सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं, ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति सम्मान’ आदिवासी सामाजिक चेतना और उत्कृष्ट कार्य के लिए हिरेश सिन्हा को दिया गया।
इस वर्ष कुल 35 पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें रायपुर के 14 उत्कृष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और समाजसेवियों के कार्यों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाएगा। समारोह की सराहना प्रदेशभर में की जा रही है।









