थाने से 50 मीटर दूर चोरी: नकदी नहीं, पेट्रोल का जर्किन और ड्राई फ्रूट उठा ले गया शातिर

जगदलपुर। बस्तर जिले के भानपुरी में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। आमतौर पर चोर नकदी, जेवर या अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ करते हैं, लेकिन इस बार चोर की नजर पेट्रोल, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स पर पड़ी। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना पुलिस थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

रात 1:52 बजे पहुंचा चोर, 20 मिनट तक खंगालता रहा दुकान

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:52 बजे की है। अज्ञात चोर भानपुरी स्थित तीन ठेला नुमा दुकानों के पास पहुंचा और दुकानों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद वह आराम से करीब 20 मिनट तक दुकानों में रखे सामान को खंगालता रहा।

पेट्रोल का जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर हुआ फरार

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी रात करीब 2:12 बजे 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर मौके से निकल गया। चोर की बेफिक्री देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह चोरी नहीं बल्कि खरीदारी करने आया हो।

एक दुकान में चोरी, बाकी के तोड़े गए ताले

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी ने तीन दुकानों के ताले तोड़े, लेकिन चोरी की वारदात केवल एक दुकान में ही अंजाम दी। अन्य दुकानों में नुकसान तो हुआ, लेकिन वहां से सामान चोरी होने की जानकारी नहीं मिली है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com