श्योपुर में सोलर प्लेट लगाने के बहाने रेकी कर चोरी करने वाले 7 बदमाश गिरफ्तार, 7 लाख के जेवरात जब्त

श्योपुर: जिले की विजयपुर में 7 लाख 45 हजार रुपए की चोरी करने वाले ग्वालियर के शातिर बदमाशों को विजयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 7 लाख सोने चांदी के जेवरात समेत 45 हजार रूपए नगदी और चोरी में इस्तेमाल की गई एक बाइक और एक स्कूटी को भी बरामद किया है.
दरअसल गिरफ्तार किए गए यह बदमाश शातिर तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देने का काम करते थे. ग्वालियर गिरोह के इन सदस्यों ने विजयपुर की एक धर्मशाला में चोरी की योजना बनाकर सोलर प्लेट लगाने के बहाने गलियों में घूमने की योजना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई ताकि इन बदमाशों को यह पता लग सके कि आखिर किस घर में ताला लगा हुआ है.
जब इन बदमाशों को पुख्ता तरीके से पता लग जाता तो बह रात के समय उस घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे. इसी तरीके से इन शातिर बदमाशों ने श्योपुर जिले की विजयपुर बजरंग कॉलोनी में 8 और 9 फरवरी की रात दो सूने मकानों से लाखों रुपए का माल ताला तोड़कर समेटा था.
जानकारी के मुताबिक विजयपुर की बजरंग कॉलोनी में रहने वाले बिंदुसार जादौन और भावना जादौन के सूने मकान में बीते 8 और 9 फरवरी की रात को तब इन बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया जब बह सबलगढ़ में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे.इन बदमाशों ने रेकी कर उन घरों को निशाना बनाया और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
पकड़े गए चोर सभी ग्वालियर के रहने वाले हैं गिरोह का मुख्य सदस्य मोहन उर्फ करूआ है. जिस पर पहले से ही 27 आपराधिक केस दर्ज है. इसके अलावा राहुल उर्फ हड्डी पर 15 और बॉबी जाटव पर 3 केस दर्ज है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने चोरी का माल आपस में बांट लिया था.
पकड़े गए बदमाशों के नाम मोहन उर्फ करूआ पुत्र बलवीर जाटव, राहुल उर्फ हड्डी पुत्र मेवाराम जाटव,दीपक पुत्र बलराम जाटव,रूपसिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण जाटव,अजय पुत्र सुनील राजौरिया, बाँबी पुत्र किशोर जाटव, रविन्द्र उर्फ किट्टा पुत्र किशनलाल जाटव समस्त निवासीगण ग्वालियर है। हालांकि पुलिस इन आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन्होंने विजयपुर यहां आसपास के इलाकों में और भी चोरियां की है.
एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल ने सोमवार की शाम प्रेस नोट और वीडियो जारी कर बताया कि विजयपुर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में 7 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. यह बदमाश इतने शातिर हैं कि यह सोलर प्लेट लगाने के नाम पर घरों की रेकी करने का काम करते थे. फिर उसके बाद सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का काम करते थे.
पकड़े गए सभी बदमाश ग्वालियर के रहने वाले हैं. इन बदमाशों ने चोरी करने से पहले विजयपुर की अग्रवाल धर्मशाला पर 7 फरबरी को योजना बनाई उसके बाद इन्होंने 8 और 9 फरवरी को चोरी की घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है.











