सेहत और स्वाद दोनों का रखेगी ख्याल नॉन फ्राइड कचौड़ी, नोट करें रेसिपी

अगर आप भी बारिश का मजा किसी चटपटी डिश के साथ लेना चाहते हैं लेकिन तला-भूना खाने से परहेज कर रहे हैं तो आपकी समस्या का हल और स्वाद का ख्याल रखते हुए हम आपके लिए लेकर आए हैं नॉन फ्राइड कचौड़ी रेसिपी। जी हां, इस कचौड़ी रेसिपी को बनाने के लिए आपको तलने-भूनने की जरूरत नहीं पड़ती। खास बात यह है कि इस रेसिपी को फॉलो करने से कचौड़ी के स्वाद पर भी कोई फर्क नहीं आता है। यह रेसिपी खाने में इतनी टेस्टी और हेल्दी है कि आप इसे बनाने के लिए अगली बार बारिश का भी इंतजार नहीं करेंगे। तो आइए जान लेते हैं कैसे बनाई जाती है टेस्टी बिना तेल वाली कचौड़ी रेसिपी।
कचौड़ी का आटा तैयार करने के लिए सामग्री
-2 कप गेहूं का आटा
-1/2 चम्मच नमक
-1 चम्मच तेल
-पानी
कचौड़ी की स्टफिंग तैयार करने के लिए सामग्री
-1/2 कप धुली मूंग दाल
-1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 हरी मिर्च
-1 चम्मच अदरक
-1/2 चम्मच सौंफ
-1 चुटकी हींग
-1 चम्मच धनिया पाउडर
-1 चम्मच तेल
-नमक स्वाद अनुसार
बिना तले कचौड़ी तैयार करने का तरीका
बिना तले कचौड़ी बनाने के लिए सबसे पहले दाल को एक दिन पहले पानी में भिगोकर रख दें। इसके बाद आटे में नमक और 1 चम्मच तेल मिलाकर उससे हल्का सख्त आटा गूंथकर करीब 20 मिनट रेस्ट करने के लिए रख दें। अब एक पैन में 1 चम्मच तेल गर्म करके उसमें हींग, सौंफ, अदरक, हरी मिर्च और दरदरी पिसी हुई दाल डालकर धीमी आंच पर 5 मिनट तक भूनें। जब सभी मसाले अच्छी तरह भून जाएं तो गैस बंद करके इसे ठंडा होने के लिए अलग रख दें। इसके बाद आटे की लोई लेकर उसे कचौड़ी के आकार का बेलकर स्टफिंग भर दें। अब आपको कचौड़ी फ्राई नहीं करनी है बल्कि इन्हें एयरफ्रायर में सेंक लें। इसके लिए अपने एयर फ्रायर को 5 मिनट के लिए 360 डिग्री पर प्रीहीट करके कचौड़ियों को एयर फ्रायर की टोकरी में रखकर उन पर थोड़ा सा घी लगाएं। टोकरी पर भी हल्का ब्रश लगाएं। कचौड़ियों को तैयार होने में लगभग 8 मिनट लगते हैं। लेकिन कचौडियों को हर 3-4 मिनट में जांचते रहें ताकि वो ज्यादा न सिंक जाएं। इसके अलावा आप चाहे तो कचौड़ी को नॉन स्टिक तवे पर भी हल्का या ऑयल डालकर भी सेंक सकती हैं। आपकी टेस्टी बिना फ्राई वाली कचौड़ी बनकर तैयार है।











