पाकिस्तानी टीम यहां खेलने आएगी तो सब ठीक हो जाएगा? दिलजीत दोसांझ के समर्थन में मुख्यमंत्री

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के समर्थन में आए। दोसांझ को को नई फिल्म‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर के साथ काम करने को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। मान ने कहा कि दोसांझ को ‘गद्दार’ कहा गया, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह फिल्म 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले से पहले बनाई गई थी।
मान ने यहां एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहा, ‘दिलजीत दोसांझ की फिल्म में एक पाकिस्तानी अभिनेत्री ने काम किया है। इसकी शूटिंग पहलगाम आतंकवादी हमले से पहले हुई थी। पाकिस्तानी अभिनेत्री ने इसमें काम किया है, क्योंकि हमारी संस्कृति एक जैसी है। वे पंजाबी बोलते हैं और हम भी बोलते हैं।’
मान ने कहा, ‘दिलजीत को ‘गद्दार’ कहा गया। और अब जब एक पाकिस्तानी टीम यहां खेलने आएगी तो क्या फिर सब कुछ ठीक हो जाएगा?’ मुख्यमंत्री ने कहा कि खुद को राष्ट्रवादी बोलने वाले लोग पंजाबियों को निशाना बना रहे हैं। वे पंजाब और पंजाबियों से ईर्ष्या करते हैं।
कई नेता कर चुके समर्थन
कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आर पी सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) के कुलतार संधवान सहित विभिन्न नेता दोसांझ के समर्थन में सामने आए हैं। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाजवा ने हाल ही में कहा था कि फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री को भूमिका देने के मुद्दे पर दोसांझ की भारतीय नागरिकता रद्द करने की मांग न केवल अनुचित है, बल्कि पूरी तरह अन्यायपूर्ण भी है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने हाल ही में कहा था कि दोसांझ सिर्फ एक मशहूर कलाकार ही नहीं, बल्कि वह एक राष्ट्रीय धरोहर और भारतीय संस्कृति के वैश्विक दूत हैं। सिंह ने कहा, ‘यदि कोई नाराजगी है, तो उसे बहिष्कार या यह आग्रह करके व्यक्त किया जा सकता है कि फिल्म को भारत में प्रदर्शित न किया जाए, लेकिन दिलजीत की देशभक्ति पर हमला करना और ऐसा चरम कदम उठाने की मांग करना पूरी तरह से अतार्किक है।’
शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी ने भी दोसांझ के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि अभिनेता को गलत तरीके से परेशान किया जा रहा है। उसने कहा कि दोसांझ को अनावश्यक विवाद में फंसाया जा रहा है और नफरत की राजनीति को हतोत्साहित करने के प्रयास किए जाने चाहिए।











