श्रुति हासन ने रजनीकांत को कहा चालाक, बोलीं- ‘कुली’ में उनके साथ काम किया तो पता चला…

कमल हासन की बेटी श्रुति हासन ने साल 2025 की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘कुली’ में सुपरस्टार रजनीकांत के साथ काम किया है। ऐसे में इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि उनका रजनीकांत के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा। श्रुति ने बताया कि फिल्म करने से पहले वह रजनीकांत को अपने पिता कमल हासन के नजरिए से जानती थीं, लेकिन फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें रजनीकांत का एक अलग रूप देखने को मिला। श्रुति ने कहा कि रजनीकांत बहुत शार्प और चतुर हैं।
रजनीकांत के साथ काम करके कैसा लगा?
श्रुति ने कहा, “मेरे पिता और रजनीकांत तमिल सिनेमा के दो स्तंभ हैं। फिल्म में उनके साथ काम करने से पहले मैं उन्हें जनता के नजरिए से जानती थी। मुझे पता है कि लोगों को ये लगता था कि मैं उनके करीब रही हूं, लेकिन असल में मैं उन्हें अपने पिता के नजरिए से जानती थी। शूटिंग के दौरान उन्हें करीब से जानना मेरे लिए एक अलग अनुभव था।”
कैसे हैं रजनीकांत?
श्रुति ने रणवीर इलाहाबादिया को दिए पॉडकास्ट में कहा, “कुली में उनके साथ काम किया तो पता चला कि उनमें कई अनोखे गुण हैं। वह चतुर और तेज हैं, लेकिन वह बहुत गर्मजोशी से भरे भी हैं। मैंने उनसे यह भी कहा कि उनसे बात करना बहुत अच्छा लगता है। वह बहुत अच्छे हैं और उनसे बात करना आसान है। वह सेट पर हमेशा अपने साथ अच्छी और पॉजिटिव एनर्जी लेकर आते हैं और हर कोई उनके साथ काम करके खुश होता है।”
कब आएगी ‘कुली’?
फिल्म ‘कुली’, जिसका निर्देशन लोकेश कनगराज कर रहे हैं, 14 अगस्त 2025 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में रजनीकांत और श्रुति हासन के अलावा नागार्जुन, उपेंद्र, सौबिन शाहीर और सथ्याराज जैसे दिग्गज कलाकार भी हैं। इसके साथ ही, आमिर खान भी फिल्म में नजर आएंगे।











