School Close: स्कूलों में 2 दिन अवकाश:भारी बारिश की संभावना को लेकर कलेक्टर ने जारी किए आदेश

School Close।राजसमंद में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिले के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में छात्रों के लिए 30 व 31 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है। इस संदर्भ में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने मंगलवार देर रात आदेश जारी किए।
आदेश के अनुसार जिले में भारी बारिश के कारण विद्यालयों के कक्षा कक्ष, भवनों एवं रास्तों में जल भराव की संभावना को देखते हुए जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया, जिससे कि कोई हादसा नहीं हो व जनहानि से बचा जा सके।
इस दौरान स्कूल स्टाफ अपनी ड्यूटी पर रहेंगे व विभागीय कार्य एवं जर्जर भवनों के चल रहे सर्वे कार्य में सहयोग करेंगे।
आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
राजसमंद में आज सुबह से घने बादल छाए हुए हैं, आज भी बारिश की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में 14 मिमी औसत बारिश रिकार्ड की गई। सर्वाधिक बारिश 20 मिमी गढ़बोर में रिकार्ड की गई जबकि सबसे कम बारिश दो मिमी खमनोर में हुई।
इसके अलावा आमेट 14 मिमी बारिश, भीम में 26 मिमी, देलवाड़ा में 3 मिमी, देवगढ़ में 27 मिमी, केलवाड़ा में 26 मिमी, कुंवारिया में 9 मिमी, नाथद्वारा में 5 मिमी, रेलमगरा में 9 मिमी, राजसमंद में 7 मिमी, सरदारगढ़ में 15 मिमी, गिलूण्ड में 13 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।
तीन दिनों के सूखे के बाद शनिवार को एक बार फिर से मेघ मेहरबान हुए थे ओर बारिश का दौर शुरू हुआ। बारिश के बाद नदी व नालों में तेज गति से पानी बहने लगा जिससे जल स्त्रोतों में पानी की आवक भी तेज हुई है। जिले में एक जून से अब तक जिले में औसत बारिश 442 मिमी व एक जनवरी से अब तक 530 मिमी बारिश हुई।











