August Bank Holidays 2025: अगस्त में पूरे 14 दिन बैंक रहेंगे बंद, रक्षाबंधन से लेकर जन्माष्टमी तक छुट्टियों की लंबी लिस्ट
भारतीय रिजर्व बैंक हर वर्ष ‘नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट’ के तहत बैंक की छुट्टियों की लिस्ट जारी करता है।अगस्त में 14 दिन बैंक बंद रहने वाले है। इन छुट्टियों में सार्वजनिक छुट्टियों के अलावा, दूसरे चौथे शनिवार और रविवार का अवकाश शामिल है।

August Bank Holidays 2025।अगर आप अगस्त महीने में बैंक से जुड़े किसी जरूरी काम की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है।
जुलाई की तरह अगस्त में भी बैंक कुल 14 दिन बंद रहने वाले हैं, जिसमें रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी जैसे बड़े त्योहार और नियमित वीकेंड अवकाश शामिल हैं।
ऐसे में चेकबुक अपडेट से लेकर कैश जमा और निकासी जैसे कई बैंकिंग कार्य प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं इस दौरान भी पहले की तरह चालू रहेंगी, जिससे अधिकांश कार्य आसानी से पूरे किए जा सकते हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अनुसार, देशभर में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंकों में अवकाश रहता है।
इसके अलावा प्रत्येक रविवार को भी साप्ताहिक छुट्टी होती है। वहीं, त्योहारों और क्षेत्रीय पर्वों के चलते भी राज्यवार अवकाश घोषित किए जाते हैं। अगस्त में केर पूजा, टेंडोंग लो रम फाट, रक्षाबंधन, देशभक्त दिवस, जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे कई प्रमुख त्योहार पड़ रहे हैं, जिनके कारण विभिन्न राज्यों में बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी।
तीन अगस्त को त्रिपुरा में केर पूजा के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। आठ अगस्त को सिक्किम और ओडिशा में टेंडोंग लो रम फाट त्योहार के कारण बैंकों में अवकाश होगा।
नौ अगस्त को रक्षाबंधन पूरे देश में बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा, जिसके चलते अधिकतर राज्यों में बैंक नहीं खुलेंगे। इसके बाद 10 अगस्त को रविवार और 12 अगस्त को दूसरा शनिवार है। 13 अगस्त को मणिपुर में देशभक्त दिवस, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त को जन्माष्टमी तथा पारसी नव वर्ष मनाया जाएगा।
26 और 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी के चलते कई राज्यों जैसे महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बैंक बंद रहेंगे। 28 अगस्त को नुआखाई पर्व और महीने का अंतिम रविवार 31 अगस्त को भी बैंकिंग कार्य नहीं हो पाएंगे।
हालांकि, ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं इस दौरान भी पूरी तरह से सुचारु रहेंगी। नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सेवाओं पर बैंक छुट्टियों का कोई असर नहीं पड़ता है।
अवकाश में इन ऐप्स के इस्तेमाल से लेनदेन आसान (August Bank Holidays 2025)
ग्राहक अपने स्मार्टफोन या कंप्यूटर के माध्यम से किसी भी समय पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, बिलों का भुगतान कर सकते हैं और बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। गूगल पे, फोनपे, पेटीएम जैसे यूपीआई प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रीयल टाइम लेन-देन करना बेहद आसान है।
इसके अलावा, बैंक की मोबाइल ऐप्स के माध्यम से फंड ट्रांसफर, मोबाइल रिचार्ज और यूटिलिटी बिल पेमेंट जैसे काम मिनटों में किए जा सकते हैं। एटीएम सेवाएं भी पूरी तरह से चालू रहेंगी, जिससे ग्राहक कैश विदड्रॉल, बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।











