CG news: पीएम आवास योजना में लापरवाही: मुंगेली में पंचायत सचिव निलंबित

CG news: मुंगेली: प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

इसी कड़ी में, ग्राम पंचायत झिरिया के सचिव तातूराम कौशिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर योजना के काम में रुचि न लेने और उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है।

जिला पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रभाकर पांडेय ने छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम और पंचायत सेवा अनुशासन नियमों के तहत यह कार्रवाई की है।

निलंबन अवधि में तातूराम कौशिक का मुख्यालय जनपद पंचायत लोरमी रहेगा और उन्हें सिर्फ जीवन निर्वाह भत्ता ही मिलेगा।

जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले में पीएम जनमन अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की जा रही थी।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायत झिरिया में योजना का काम बहुत ही असंतोषजनक रहा। सचिव तातूराम कौशिक लगातार लापरवाही बरत रहे थे और उन्होंने अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया।

निलंबन के बाद झिरिया ग्राम पंचायत का काम प्रभावित न हो, इसके लिए डिंडौरी ग्राम पंचायत के सचिव कुशराम पटेल को झिरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सीईओ प्रभाकर पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों को छत मुहैया कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com