विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को बताया ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’, बोले- राजनीतिक रोटी सेंकने न आएं


राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी के दौरे को ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बालाघाट आने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन वे सिर्फ राजनीतिक मुद्दा बनाने के लिए यहां न आएं।
विश्वास सारंग ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां विघटन की बात क्यों करते हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि उन्हें को जमीनी समस्याओं को समझने के लिए आना चाहिए, लेकिन इसे सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
विश्वास सारंग ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के हालिया इंदौर दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने इंदौर में ‘मां जैसे पवित्र रिश्ते’ का मजाक उड़ाया। सारंग ने कहा कि राहुल गांधी देश और दुनिया में कहीं भी जाते हैं तो हिंदुस्तान के मान-सम्मान को गिराने की कोशिश करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से संवैधानिक व्यवस्थाओं और संस्थाओं को लेकर उठाए जाने वाले सवालों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी आधार के संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। एएनआई से बात करते हुए विश्वास सारंग ने कहा कि “वह आएं हमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन वे सिर्फ राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए ना आएं।”
राहुल गांधी का बालाघाट दौरा
बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद राहुल गांधी आज प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने पहुंच रहे हैं। वे बैहर क्षेत्र के जगला गांव जाकर पीड़ित परिवारों से बातचीत करेंगे और बच्चों की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी लेंगे। इस दौरान वे बच्चों की बीमारी, इलाज की उपलब्धता, कुपोषण, पेयजल और गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को भी समझने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस इस मामले को लेकर लगातार राज्य सरकार पर सवाल उठा रही है और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, इलाज की व्यवस्था और सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता का मुद्दा उठा रही है।
#WATCH भोपाल: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, "राहुल गांधी राजनीतिक पर्यटन के लिए आ रहे हैं। मुझे आश्चर्य होता है कि वे केवल विघटन की बात क्यों करते हैं…इंदौर में आए तो उन्होंने माँ जैसे पवित्र रिश्ते का मजाक… pic.twitter.com/ruWs4WicPH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 1, 2026











