Cg news: स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की कार का एक्सीडेंट.. ट्रक से टकराई गाड़ी

Cg news: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की कार का एक्सीडेंट हो गया है, जिसमें उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई।
यह घटना चिरमिरी के छठ घाट के पास हुई है। गनीमत यह रही कि हादसे में मंत्री जायसवाल और उनके साथ कार में मौजूद अन्य लोगों को किसी भी तरह की कोई चोट नहीं आई।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब मंत्री जायसवाल अपने जन्मदिन के अवसर पर मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे।
उन्होंने अपने दिन की शुरुआत महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की थी। मंदिर से लौटते समय ही उनकी कार ट्रक से टकरा गई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
“मां महामाया ने साक्षात मेरी रक्षा की”
हादसे के बाद मंत्री जायसवाल ने कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और इसके लिए उन्होंने मां महामाया की कृपा को धन्यवाद दिया।
उन्होंने बताया कि गाड़ी की स्थिति देखकर पूरे प्रदेश के लोगों की चिंता बढ़ गई थी, लेकिन सभी के स्नेह और माता महामाया के आशीर्वाद से उन्हें कुछ नहीं हुआ और “मां महामाया ने साक्षात उनकी रक्षा कीहै।”











