आईटीआई की छात्रा त्रिशा तावड़े को पीएम मोदी ने किया सम्मानित

नई दिल्ली में कौशल एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा 4 अक्टूबर को आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में मध्य प्रदेश की युवा प्रतिभाओं का डंका बजा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शासकीय आईटीआई, बैतूल की इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की प्रशिक्षार्थी कुमारी त्रिशा तावड़े को ऑल इंडिया सेंट्रल ज़ोन टू ईयर ट्रेड में टॉप करने पर सम्मानित किया।

त्रिशा तावड़े की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह मध्य प्रदेश की एकमात्र प्रशिक्षार्थी हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय मेरिट सूची में नाम दर्ज कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

  • अंक: त्रिशा ने 1200 में से 1187 अंक प्राप्त कर सेंट्रल ज़ोन में प्रथम स्थान हासिल किया।
  • पारिवारिक पृष्ठभूमि: बैतूल के ग्राम भड़ूस की संघर्षशील छात्रा त्रिशा के पिता श्री अजय तावड़े बस ड्राइवर हैं और मां श्रीमती सुशीला तावड़े गृहणी हैं।
  • प्रेरणा का स्रोत: त्रिशा की बड़ी बहन कु. एकता तावड़े भी आईटीआई बैतूल की टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में रेलवे में एप्रेंटिस के रूप में कार्यरत हैं।

राज्यमंत्री श्री गौतम टेटवाल (कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री-स्वतंत्र प्रभार) ने इस सफलता पर त्रिशा को बधाई दी और इसे प्रदेश में कौशल आधारित शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम बताया।

MP के 10 प्रशिक्षार्थियों ने किया प्रदेश का नाम रोशन

कु. त्रिशा तावड़े के साथ ही, मध्य प्रदेश के 09 अन्य प्रशिक्षार्थियों ने भी ऑल इंडिया ट्रेड टॉपर के रूप में प्रदेश का नाम रोशन किया:

प्रशिक्षार्थी का नाम ट्रेड शहर/जिला
चंचल सेवारिक कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट भोपाल
पूजा जाटव ड्रोन तकनीशियन जबलपुर
श्याम महेश्वरी फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी उज्जैन
अरविंद कुमरे मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर (पुरुष वर्ग में प्रथम) बैतूल
निकिता तायवड़े मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर (महिला वर्ग में प्रथम) बैतूल
अमन गजभिये मेसन बालाघाट
श्रुति विश्वकर्मा मैकेनिक, ट्रैक्टर जबलपुर
अभिजीत सिंह सिसोदिया मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट टेक्नीशियन भोपाल
शिवम यादव स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट खंडवा

आईटीआई में ‘हुनर पहल’ से महिला सशक्तिकरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप, कौशल विकास विभाग छात्राओं की उन्नति पर विशेष ध्यान दे रहा है। बैतूल में ‘हुनर पहल’ कार्यक्रम के तहत महिला सशक्तिकरण पर ज़ोर दिया जा रहा है:

  • प्रशिक्षण: कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल, इंग्लिश स्पीकिंग, हार्टफुलनेस ध्यान, व्यक्तित्व विकास शिविर और योग व कराटे प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
  • बढ़ते रोजगार: आईटीआई बैतूल की छात्राओं को देश-विदेश में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। पिछले वर्ष 85 से अधिक छात्राएं बड़ी कंपनियों में चयनित हुईं। इस वर्ष भी 45 छात्राएं टाटा इलेक्ट्रॉनिक, होसुर (तमिलनाडु) और 9 छात्राएं प्रतिभा सिंटेक्स (पीतमपुर) जा चुकी हैं।

इस अवसर पर, प्रदेश के सभी 280 शासकीय आईटीआई में कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जहां पीएम मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया और आईटीआई स्तर पर सभी ट्रेड्स के टॉपर्स को सम्मानित किया गया।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com