बड़वानी में BJP सांसद गजेंद्र पटेल का बड़ा बयान, बोले – ‘हर हिंदू के कम से कम 5 बच्चे होने चाहिए’, युवाओं से की समय पर शादी की अपील

मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी से बीजेपी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बड़वानी में एक कार्यक्रम के दौरान हिंदू परिवारों को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल उन्होंने ‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा देते हुए कहा कि हर हिंदू को कम से कम पांच बच्चे पैदा करने चाहिए। सांसद ने जनसंख्या संतुलन का मुद्दा उठाते हुए युवाओं से समय पर शादी करने और परिवार बढ़ाने की अपील की है।

दरअसल बड़वानी जिला मुख्यालय के कालिका माता मंदिर में नवरात्रि के बाद होने वाले भंडारे की तैयारियों को लेकर शुक्रवार रात बैठक रखी गई थी। इसमें सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के अलावा कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल और ग्रामीण मौजूद थे। इसी बैठक में सांसद ने हिंदू समाज की एकजुटता और परिवार बढ़ाने की बात कही है।

शस्त्र चलाना भी आना चाहिए: गजेंद्र सिंह पटेल

गजेंद्र सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदुओं को शास्त्र के ज्ञान के साथ शस्त्र चलाना भी आना चाहिए। उन्होंने सनातन संस्कृति का उदाहरण देते हुए कहा कि देवी-देवताओं के हाथों में भी शस्त्र दिखाई देते हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपने परिवार और मोहल्ले की ताकत को एकजुट रखने की बात कही। सांसद गजेंद्र पटेल ने अपने बयान में कहा कि अगर जनसंख्या का संतुलन नहीं रहा तो भारत में हिंदू अल्पसंख्यक हो सकते हैं। उन्होंने हिंदुओं की जन्म दर 1.9 और अन्य समाज की 2.9 होने का दावा किया। ये आंकड़े सांसद ने अपने संबोधन में बताए हैं। उन्होंने इसी आधार पर युवाओं से समय पर शादी करने और पांच बच्चे पैदा करने की अपील की।

जनसंख्या बढ़ाने पर ध्यान दें : सांसद गजेंद्र सिंह पटेल

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि हिंदू समाज को अपनी जनसंख्या बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने परिवार और मोहल्ले के स्तर पर लोगों को एकजुट रहने की बात भी कही। बैठक में मौजूद लोगों के बीच सांसद का यह बयान चर्चा का विषय रहा। रिपोर्टों के मुताबिक उनके संबोधन का एक हिस्सा हिंदू समाज की संख्या, परिवार और सामाजिक एकजुटता को लेकर था। साथ ही सांसद ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि परिवार की ताकत के साथ समाज की एकजुटता भी जरूरी है। अपने भाषण में उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल समय में सनातनी एक-दूसरे के काम आएंगे।

जिम की जगह अखाड़े जाने की सलाह

वहीं गजेंद्र पटेल ने युवाओं की फिटनेस को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने जिम जाने की जगह घर पर योग करने और अखाड़े जाने की सलाह दी। सांसद ने कहा कि आज जिम ज्यादा हो रहे हैं जबकि अखाड़े कम हो रहे हैं। उनके मुताबिक जिम में शरीर बनाया जा सकता है लेकिन अखाड़े की गतिविधियों से लड़ने की क्षमता भी विकसित होती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close