बलौदाबाजार सीमेंट प्लांट हादसे में कर्मचारी की मौत, मुआवजे की मांग

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक निजी सीमेंट प्लांट में काम के दौरान बड़ा हादसा हुआ। बॉयलर कैंसिंग के क्वायल की चपेट में आने से एक संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के रोहतास निवासी बिपिन कुमार के रूप में हुई है। वह ठेका कंपनी टिकेश के अधीन कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार, काम के दौरान क्लैंप छूटने से क्वायल गिर गया और बिपिन उसके नीचे दब गया। सहकर्मियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच में उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉ. अविनाश मार्कण्डेय ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोटें थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने पुष्टि की कि श्रमिक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। मृतक के साले उपेंद्र कुमार ने बताया कि बिपिन डेढ़ माह पहले ही नौकरी पर आया था और हादसे के वक्त शिफ्ट खत्म होने वाली थी। उन्होंने कंपनी प्रशासन से मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच के लिए श्रम विभाग और फैक्ट्री निरीक्षक को भी सूचित किया गया है। स्थानीय मजदूर संगठन ने सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह बताया है।










