भोपाल: फ्लाईओवर के निर्माण के कारण जाम, मंत्री राकेश सिंह भड़के; लगाया 20 लाख का जुर्माना

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित बैरागढ़ फ्लाईओवर के निर्माण के चलते लोगों को भारी ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्य और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को जमकर फटकार लगाई. साथ ही, निर्माण एजेंसी पर 20 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए.

दिन में ट्रैफिक के बीच निर्माण पर सवाल

निरीक्षण के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों से पूछा कि जब दिन में यहां ट्रैफिक का दबाव रहता है, तो निर्माण कार्य रात में क्यों नहीं कराया जा रहा. उन्होंने कहा कि भारी ट्रैफिक के बीच काम होने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसे का खतरा बढ़ता है. मंत्री ने निर्माण कार्य को रात के समय शिफ्ट करने के निर्देश दिए.

वहीं, मौके पर बैरिकेडिंग की स्थिति और सर्विस रोड को लेकर भी मंत्री ने नाराजगी जताई. उन्होंने निर्देश दिए कि बैरिकेड सिर्फ उसी हिस्से में लगाए जाएं, जहां वास्तविक रूप से निर्माण कार्य चल रहा है. बाकी हिस्से को ट्रैफिक के लिए व्यवस्थित तरीके से खोला जाए. साथ ही सर्विस रोड की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक मैनेजमेंट को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए.

एजेंसी को हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश

मंत्री ने निर्माण स्थल पर धूल उड़ने की समस्या को देखते हुए नियमित पानी के छिड़काव और सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने को कहा. साइट इंजीनियर की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

निर्माण एजेंसी को फ्लाईओवर का काम मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. मंत्री ने कहा कि अब काम की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा हर 15 दिन में की जाएगी. एजेंसी को हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close