झारखंड के नवदंपति की 3500 किमी की बाइक यात्रा चर्चा में, रोमांच और आत्मनिर्भरता का अनोखा संदेश

बलरामपुर : झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा गांव के एक नवदंपति ने साहस और रोमांच का अनोखा उदाहरण पेश किया है। सौरभ कुमार (25) और उनकी पत्नी नेहा गुप्ता (23) ने छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज से कन्याकुमारी तक की 3500 किलोमीटर लंबी बाइक यात्रा की शुरुआत 12 नवंबर को की है। दंपति का लक्ष्य इस सफर को 12 से 15 दिनों में पूरा करने का है.

शादी के आठ महीने बाद नई शुरुआत का अनोखा फैसला

सौरभ और नेहा की शादी को अभी आठ महीने ही हुए हैं, लेकिन यात्रा और रोमांच के प्रति उनका प्रेम विवाह से पहले से ही जारी है. इससे पहले भी यह युगल नेपाल और उत्तराखंड की यात्राएं साथ कर चुका है.इस बार उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन की नई पारी की शुरुआत एक यादगार और प्रेरणादायक सफर से करने का निर्णय लिया है.

आत्मनिर्भर यात्रा: खाना खुद बनाते, स्थानीय लोगों से जुड़ते

दंपति अपने साथ खाना बनाने के बर्तन, प्राथमिक चिकित्सा सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लेकर चले हैं.वे हर पड़ाव पर खुद अपना भोजन तैयार करते हैं और रास्ते में मिलने वाले स्थानीय लोगों से बातचीत कर भारत की विविध संस्कृति को करीब से महसूस कर रहे हैं.

उद्देश्य: जीवन के हर पल को महसूस करना

सौरभ कुमार का कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता सीखना और जीवन के हर पल को महसूस करना है.उनका कहना है कि यह सफर आसपास के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है और यह संदेश देता है कि उत्साह, साहस और विश्वास के साथ हर मंजिल को हासिल किया जा सकता है.कन्याकुमारी तक की यह अनोखी यात्रा न केवल उनके जीवन की यादगार बनेगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि प्रेम और एकजुटता से हर सफर को खूबसूरत बनाया जा सकता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com