IIT बॉम्बे में छात्र की मौत मामले में सियासत तेज, राज ठाकरे ने जातिवाद-तनाव को ठहराया जिम्मेदार

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की खुदकुशी का मामला इस समय बेहद गरमाया हुआ है. कैंपस में भारी विरोध प्रदर्शन के साथ इसपर सियासत भी तेज हो गई है. इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने साहिल वाकोडे की आत्महत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया. साथ ही शिक्षा प्रणाली में बढ़ते अकादमिक दबाव तथा जातिगत राजनीति की आलोचना की.

राज ठाकरे ने बिना जांच पूरी किए छात्र पर परीक्षा में मोबाइल और चैटजीपीटी के इस्तेमाल का आरोप लगाने के लिए IIT प्रशासन की आलोचना की. ठाकरे ने कहा कि यद्यपि परीक्षा में गड़बड़ी रोकना प्रोफेसरों का कर्तव्य है, लेकिन जांच से पहले किसी छात्र को दोषी ठहराना और दूसरी तरफ जातीय उत्पीड़न के आरोप लगते ही बिना जांच प्रोफेसरों को कसूरवार मान लेना दोनों ही बातें अनुचित हैं.

पूरे मामले को जातिगत दृष्टिकोण से देखा जा रहा

मनसे प्रमुख ने चिंता जताई कि इस पूरी घटना में मुख्य मुद्दा यह होना चाहिए था कि एक नौजवान छात्र को अपना जीवन समाप्त करने पर मजबूर क्यों होना पड़ा, लेकिन इसके बजाय पूरे मामले को जातिगत दृष्टिकोण से देखा जा रहा है. ठाकरे ने कहा कि साल 2000 के बाद से महाराष्ट्र में जातिवाद इस कदर बढ़ गया है कि यह अब IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच चुका है, जिन्हें पंडित नेहरू ने आधुनिक भारत का मंदिर कहा था.

उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षाओं की कड़ी प्रतिस्पर्धा, पढ़ाई का भारी बोझ और कैंपस प्लेसमेंट के तनाव के कारण केवल आईआईटी ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र के युवा डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं. ठाकरे ने छात्रों से शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ आवाज उठाने और सुधार की मांग करने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं रोकी जा सकें.

‘शिक्षा प्रणाली को ठीक करना ही सच्ची श्रद्धांजलि’

राज ठाकरे नेआईआईटी बॉम्बे के छात्रों की उन मांगों का समर्थन किया जिनमें 24 घंटे मनोरोग विशेषज्ञ (साइकेट्रिस्ट) की उपलब्धता, पारदर्शी शिकायत निवारण प्रणाली और संवेदनशील अनुशासनात्मक प्रक्रियाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रणाली के दोषों को दूर करना ही साहिल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी और अपनी पार्टी की ओर से उसे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close