RAMP योजना के अंतर्गत जेएसपीएल, रायगढ़ में एसएमई उद्यमियों का दो दिवसीय एक्सपोज़र विज़िट संपन्न


रायपुर | राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सुदृढ़ करने तथा उन्हें बड़े औद्योगिक संस्थानों से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार की RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत जेएसपीएल (जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड), रायगढ़ में एसएमई उद्यमियों का दो दिवसीय एक्सपोज़र विज़िट सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
यह एक्सपोज़र विज़िट 29 से 30 दिसंबर 2025 तक आयोजित की गई, जिसमें इस्पात एवं लौह उद्योग से जुड़े चयनित एसएमई उद्यमियों ने भाग लिया। प्रतिभागी उद्यमी 28 दिसंबर 2025 को रायपुर से रवाना हुए।
कार्यक्रम का आयोजन पॉजिटिव मंत्रा कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (CSIDC) के सहयोग से तथा महाप्रबंधक श्री ओ. पी. बंजारे के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतिभागियों की यात्रा, आवास एवं भोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ आयोजन एजेंसी द्वारा की गईं।
इस अवसर पर जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, रायगढ़ के कार्यकारी निदेशक श्री सब्यसाची बंद्योपाध्याय ने प्रतिभागी उद्यमियों का स्वागत किया तथा उन्हें संबोधित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एसएमई उद्यमियों को बड़े पैमाने के लौह एवं इस्पात उद्योगों की कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों, सुरक्षा प्रणालियों, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन और बड़े उद्योगों के साथ व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
एक्सपोज़र विज़िट के दौरान प्रतिभागियों को प्लांट ऑटोमेशन, ब्लास्ट फर्नेस, डीआरआई, एसपीएम एवं रेल मिल डिवीजन का विस्तृत भ्रमण कराया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से तकनीकी जानकारियाँ साझा कीं तथा फील्ड स्तर पर व्यावहारिक प्रक्रियाओं को समझाया। उद्यमियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया।
यह पहल राज्य के एसएमई उद्यमियों को बड़े उद्योगों की कार्य संस्कृति को समझने, अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने में महत्वपूर्ण सहायक सिद्ध हुई।











