रीवा में नाबालिग को ‘तालिबानी’ सजा, उल्टा लटका कर लाठी-डंडों से पीटा; वीडियो वायरल

रीवा: जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीभत्स मामला सामने आया है. जहाँ आज सुबह सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ है, जिसमे चोरी के शक में एक नाबालिग लड़के के साथ न केवल दरिंदगी की गई, बल्कि उसे ‘तालिबानी’ तर्ज पर खंभे से उल्टा लटकाकर घंटों पीटा गया.

इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

वायरल वीडियो करीब 7 मिनट से ज्यादा का है, जो गढ़ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि दो-तीन दबंगों ने एक नाबालिग को घेर रखा है. आरोपी पहले उसे जमीन पर पटककर लात-घूंसों और डंडों से मारते हैं. जब इतने से भी उनका मन नहीं भरा, तो आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे पैर बांधकर उल्टा लटका दिया और फिर बेदम होने तक पीटते रहे.

वीडियो में बच्चा अपनी बेगुनाही की दुहाई देते हुए लगातार चीख रहा है. वह अपनी मां की कसमें खा रहा है और आरोपियों के पैरों में गिरकर नाक रगड़ने तक को तैयार है, लेकिन हमलावरों पर रहम का कोई असर नहीं दिखा. आरोपी उससे चोरी के माल और उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रहे थे, जबकि पीड़ित लगातार इनकार करता रहा.

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद पीड़ित पक्ष ने अब तक डर के मारे थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है.

close