राजस्थान: घने कोहरे के बीच SUV और बस की भिड़ंत, खाटू श्यामजी जा रहे 3 श्रद्धालुओं की मौत; 5 घायल

नागौर: जिले के सुरपालिया थाना क्षेत्र में आज सुबह सुरपालिया बायपास पर घने कोहरे के कारण एसयूवी और बस आमने-सामने टकरा गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर किया गया.

पुलिस के अनुसार, सुबह दृश्यता बेहद कम होने के कारण यह भीषण टक्कर हुई. हादसे में एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. मृतकों की पहचान बाड़मेर जिले के निम्बलकोट निवासी बींजाराम, टीकूराम और चतुराराम के रूप में हुई. घायल युवकों में विशनाराम, विनोद, जसराज, अशोक और राहुराम शामिल हैं.

जानकारी के अनुसार, सभी युवक खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद सुरपालिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्राथमिक जांच में मुख्य कारण घना कोहरा बताया गया है. हादसे के बाद बायपास पर लंबा जाम लग गया, सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया.

close