भोपाल में फाइव स्टार सुविधाओं वाला वृद्धाश्रम शुरू, बुजुर्गों को मिलेगा लग्जरी जीवन का अनुभव

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुजुर्गों के लिए फाइव स्टार रिसॉर्ट जैसी सुविधाओं से लैस आधुनिक वृद्धाश्रम की शुरुआत की गई है। लिंक रोड नंबर तीन पर बने इस विशेष वृद्धाश्रम का नाम ‘संध्या छाया’ रखा गया है, जिसे सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग ने करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है। यह वृद्धाश्रम लगभग पांच एकड़ भूमि पर निर्मित है।

यहां रहने वाले बुजुर्गों को एसी, टीवी, अटैच बाथरूम, फ्रिज, कॉलबेल, टेलीफोन, इंटरकॉम, आधुनिक डाइनिंग हॉल और सुंदर इंटीरियर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक कॉटेज में बालकनी, स्टडी टेबल, वार्डरोब और आरामदायक बेड की व्यवस्था की गई है।

वृद्धाश्रम का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यदि किसी कॉलोनी में कॉलोनाइजर द्वारा वृद्धाश्रम बनाए जाते हैं तो सरकार इसका स्वागत करेगी।

प्रबंधन के अनुसार, यहां रहने के लिए एक व्यक्ति को प्रतिमाह लगभग 39,499 से 49,990 रुपये तक किराया देना होगा। वहीं, डबल बेडरूम वाले कॉटेज में दंपती के लिए किराया करीब 87 हजार रुपये तक हो सकता है। इसके अलावा एक लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी देना होगा।

यहां बुजुर्गों के लिए चौबीसों घंटे डॉक्टर, स्वास्थ्य सेवाएं, फिजियोथैरेपी सेंटर और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। हर समय देखरेख के लिए कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो कॉलबेल बजते ही सहायता के लिए पहुंचेंगे। सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड भी मौजूद रहेंगे।

वृद्धाश्रम के संचालन की जिम्मेदारी सेवा भारती संस्था को सौंपी गई है। यहां से मिलने वाला मासिक किराया संस्था को मिलेगा, जबकि जमा की गई राशि का उपयोग प्रबंधन, सुविधाओं और कर्मचारियों के वेतन पर किया जाएगा।

फिलहाल संध्या छाया वृद्धाश्रम में रहने के लिए 10 लोगों ने पंजीयन कराया है, जिनमें से तीन लोग यहां आकर रहना शुरू कर चुके हैं। इनमें एक सेवानिवृत्त वैज्ञानिक और एक वायुसेना से रिटायर्ड अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्होंने स्वेच्छा से यहां रहने का निर्णय लिया है।

इस वृद्धाश्रम में कुल 56 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था है। यहां 12 सिंगल बेड और 22 डबल बेड सहित कुल 34 कमरे बनाए गए हैं। मनोरंजन कक्ष, पुस्तकालय, ओपन मेस और विशेष रूप से डिजाइन किया गया डाइनिंग हॉल भी परिसर का हिस्सा हैं।

पंजीयन के लिए इच्छुक लोगों को संध्या छाया कार्यालय में संपर्क करना होगा। पंजीयन के समय सिक्योरिटी डिपॉजिट और दो महीने का अग्रिम शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। आश्रम छोड़ने पर सिक्योरिटी राशि वापस कर दी जाएगी।

यह वृद्धाश्रम बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक जीवन देने की दिशा में एक नई पहल माना जा रहा है, जहां उन्हें घर जैसा माहौल और आधुनिक सुविधाएं एक साथ मिलेंगी।

close