जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान से कहा “प्रधानमंत्री को बताएं MP की समस्याएं”, प्रदेश के मुद्दे गिनाए


मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों पर हुई कार्रवाई के साथ प्रदेश के दूसरे अहम मुद्दे भी उठाएं। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री से मुलाकात कर बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों पर हुए सरकारी अत्याचार की शिकायत कर रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने प्रदेश की समस्याओं को भी प्रधानमंत्री के संज्ञान में लाने की मांग की है।
कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, किसानों की फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी और खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश पर बढ़ते कर्ज, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अपराध और नौकरशाही के कामकाज पर सवाल खड़े किए। उन्होंने भाजपा सरकार में गहरे अंतर्कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि इन विषयों को भी प्रधानमंत्री के सामने रखना चाहिए।
कोसमी में आदिवासी परिवारों के घर तोड़े जाने का मामला
सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में वन विकास निगम की कार्रवाई के दौरान बारेला आदिवासी समुदाय के 12 परिवारों के घर तोड़े जाने का मामला सामने आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्रवाई में घरों के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचा और एक कुएं को मिट्टी से भर दिया गया। अधिकारियों की ओर से यह कार्रवाई वन भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए की गई थी।
शिवराज सिंह चौहान ने जताई नाराजगी
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कार्रवाई पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से बात कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने इस घटना को “जुल्म की पराकाष्ठा” और “अन्याय की इंतहा” बताय। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करेंगे।
जीतू पटवारी ने कही ये बात
जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए कहा कि जब वे प्रधानमंत्री से मुलाकात करें तो बुधनी में आदिवासी परिवारों पर हुए “सरकारी अत्याचार” की शिकायत के साथ अन्य मुद्दे भी उठाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, सही MSP पर फसल खरीदी, किसान के लिए खाद की उपलब्धता, मध्यप्रदेश में बढ़ता कर्ज, करप्शन, कमीशन, बेलगाम अपराध, निरंकुश हुई नौकरशाही और भाजपा सरकार में मचे हुए अंतर्कलह की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दें।
प्रिय शिवराज जी,
मीडिया रिपोर्ट्स बता रही हैं, प्रधानमंत्री जी से मुलाकात कर आज आप बुधनी विधानसभा क्षेत्र के #कोसमी गांव में, आदिवासी परिवारों पर हुए "सरकारी अत्याचार" की शिकायत कर रहे हैं!मेरा आग्रह है,
कुछ और भी महत्वपूर्ण मसले हैं,
जो @PMOIndia के संज्ञान आएं!• 27%…
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) October 12, 2026











