कोहरे का कहर! आगरा हाईवे पर श्रद्धालुओं की डबल-डेकर बस पलटी, 45 यात्रियों में चीख-पुकार, 10 घायल

इटावा: आगरा हाईवे पर शनिवार देर रात घने कोहरे ने श्रद्धालुओं की आस्था को खून-खून के आंसुओं में बदल दिया. चार धाम व बरसाना दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक डबल डेकर बस जसवंतनगर क्षेत्र में मलाजनी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.

इस दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. बस में कुल 45 श्रद्धालु सवार थे, जो मथुरा के बरसाना से दर्शन कर जालौन जनपद के उरई लौट रहे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त आगरा हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था. दृश्यता शून्य के करीब थी, लेकिन इसके बावजूद बस तेज रफ्तार में दौड़ रही थी. अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और भारी भरकम डबल डेकर बस सड़क पर पलट गई. बस के पलटते ही यात्रियों के बीच कोहराम मच गया. महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे. बस के अंदर फंसे श्रद्धालुओं ने किसी तरह खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर जान बचाई.

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से कई घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला. घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से जसवंतनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने बिना देरी किए इलाज शुरू किया.

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों का हालचाल लिया और चिकित्सकों को किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए. प्रशासन ने घायलों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है.

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे का प्राथमिक कारण घना कोहरा है. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में 8 श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 2 को गंभीर चोटें लगी हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com